हरियाणा पुलिस के स्निफर डॉग्स बने नशा तस्करों के खिलाफ सबसे बड़ी ताकत, 6 महीने में 48 मामलों का खुलासा

चंडीगढ़, 2 अगस्त। हरियाणा सरकार के ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को बड़ी सफलता मिल रही है। वर्ष 2026 की पहली छमाही (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की मदद से 48 एनडीपीएस मामलों का सफल खुलासा किया। इन अभियानों में चिट्टा (हेरोइन), स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त समेत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए।
सबसे बेहतरीन प्रदर्शन बोल्ट (HK132) ने किया, जिसने 15 ऑपरेशनों में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद रैम्बो (HK133) ने 14 और रोमियो (HK131) ने 12 एनडीपीएस मामलों में पुलिस को सफलता दिलाई। विशेष रूप से रैम्बो की सहायता से 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त की सबसे बड़ी बरामदगी की गई।
DGP अजय सिंघल बोले- नशा तस्करों पर जीरो टॉलरेंस
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नशा तस्करी युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुसार हरियाणा पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स और उनके हैंडलर्स की टीम आधुनिक तकनीक और खुफिया सूचनाओं के साथ मिलकर नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी HSNCB हेल्पलाइन 9050891508 या डायल-112 पर दें।



