स्वतंत्रता दिवस से पहले ट्राई-सिटी की सुरक्षा पर पुलिस अधिकारियो की baithak
चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, रोपड़ और सोलन पुलिस के अधिकारियों की बैठक

चंडीगढ़…….स्वतंत्रता दिवस से पहले ट्राई-सिटी में सुरक्षा कड़ी, संयुक्त अंतरराज्यीय नाके लगाने का फैसला
चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, रोपड़ और सोलन पुलिस के अधिकारियों की बैठक में खुफिया सूचना साझा करने व संयुक्त अभियान पर सहमति, स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर ट्राई-सिटी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में चंडीगढ़, पंचकूला, एसएएस नगर (मोहाली), रोपड़ और सोलन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की।
बैठक की अध्यक्षता यूटी चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक
ने की। इसमें विभिन्न जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा चंडीगढ़ पुलिस के आईपीएस अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्यों की सीमाओं पर संयुक्त अंतरराज्यीय नाके स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही होटल, सराय और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन अभियान तेज किया जाएगा ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
गैंगस्टर और आतंकी गतिविधियों पर रहेगी विशेष नजर
बैठक में यह भी तय किया गया कि आंदोलन, धरना-प्रदर्शन, विरोध मार्च और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं का रियल टाइम में आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा चोरी के वाहनों, उद्घोषित अपराधियों और अन्य आपराधिक तत्वों से संबंधित जानकारी भी सभी पुलिस एजेंसियां तत्काल साझा करेंगी।
अधिकारियों ने गैंगस्टरों और आतंकवादी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया। इस संबंध में मिलने वाली कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी नियमित रूप से साझा करने पर सहमति बनी, ताकि समय रहते निवारक और कानूनी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सुरक्षा हालात की नियमित समीक्षा, समन्वय को और मजबूत बनाने तथा बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के लिए ऐसी अंतरराज्यीय समन्वय बैठकें समय-समय पर आयोजित की जाएंगी।



