
यमुनानगर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक मां ने अपने ही दो बेटों के साथ मिलकर हथियार के दम पर एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने का आरोप झेला है। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने देर रात प्लाईवुड व्यापारी के घर में घुसकर चौकीदार को चाकू की नोक पर बंधक बनाया और लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। अब अपराध शाखा-1 ने इस पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
मामले की जानकारी देते हुए अपराध शाखा इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्यरात्रि को प्रोफेसर कॉलोनी स्थित प्लाईवुड व्यापारी भूवनेश बंसल के घर में लूट की वारदात हुई। आरोप है कि एक महिला और उसके दो साथियों ने घर में घुसकर वहां मौजूद चौकीदार को चाकू दिखाकर बंधक बना लिया और घर से करीब तीन लाख रुपये नकद तथा एक चांदी का सिक्का लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर सभी अपराध शाखाओं को आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। अपराध शाखा-1 की विशेष टीम ने जांच शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर आजाद नगर निवासी वर्षा रानी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि उसकी निशानदेही पर लूटा गया चांदी का सिक्का और 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।



